जेबीकेएसएस प्रत्याशी दीपक कुमार गुप्ता ने चतरा लोकसभा से किया नामांकन
जयराम नामांकन समारोह सह रोड शो में लिए भाग कहा,
झारखंड की आठ सीटों पर जेबीकेएसएस लड़ रही है चुनाव, जनता का मिल रहा है समर्थन
चतरा: झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के प्रत्याशी दीपक कुमार गुप्ता ने सोमवार को निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप के कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इसके पहले जेबीकेएसएस सुप्रीमो टाइगर जयराम महतो के साथ रोड शो करते हुए प्रत्याशी दीपक कुमार गुप्ता जिला मुख्यालय के चतरा कॉलेज के समीप से रोड शो करते हुए समाहरणालय तक पहुंचे। रोड शो में हजारों की संख्या में युवा व महिलाएं उपस्थित हुए। गाजे बाजे के साथ जेबीकेएसएस प्रत्याशी ने रोड शो किया। कार की छत पर सवार होकर दोनों ने रोड शो में भाग लिया और आम जनता का अभिवादन किया। खतियान संघर्ष समिति का रोड शो अभूतपूर्व रहा।

दो सेटों में नामांकन करने के बाद झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो ने कहा कि वे राजनीति की पहली सीढ़ी चढ़ने जा रहे हैं। जेबीकेएसएस झारखंड में 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यह चुनाव उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। अगर जयराम महतो या उनकी पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं तो सांसद के सैलरी का 75% हिसाब में डोनेशन में दे देंगे। झारखंड की एक बड़ी आबादी बड़ी उम्मीद से उन्हे देख रही है। कई आंदोलन, धरना प्रदर्शन और रायसुमारी के बाद हम लोग चुनाव मैदान में आए हैं। यह चुनाव झारखंड के भविष्य को तय करेगा। चुनाव आसान नहीं है। हम लोग मेहनत कर रहे हैं। आम लोग मदद कर रहे हैं और लोगों का रुझान तेजी से हमारी ओर बढ़ रहा है। 23 वर्षों की झारखंड की राजनीति में एनडीए और महागठबंधन का शासन रहा। वे सत्ता के शीर्ष पर बैठे रहे। वे सिर्फ दिल्ली की बात करते हैं। झारखंड की बात कोई नहीं करता है। झारखंड के मिट्टी का बेटा दिल्ली जाकर झारखंड की बात करेगा। आज राज्य की खतियान आधारित नीतियों की चर्चा दिल्ली में करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में विपक्षी प्रत्याशी चुनाव में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। वे आखिरी दौर में धन बल की प्रतीक्षा कर रहे हैं। धनबल से चुनाव में प्रभाव डालने का उनका प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि जेबीकेएसएस के प्रति जो आशा और उम्मीद आम लोगों का है। उसे पूरा किया जाएगा।
