पत्थलगडा प्रखंड के ग्राम लेम्बोईया के ललकी माटी नामक स्थान पर घटी घटना
चतरा: मंगलवार की देर संध्या में वज्रपात होने से 20 बकरियों की मौत हो गई। बारिश के बीच आसमानी बिजली गिरने से घटनास्थल पर ही सभी बकरियों दम तोड़ दी। यह घटना पत्थलगडा के नोनगांव पंचायत के लेंबोईया के ललकीमाटी गांव में घटी है। मूसलाधार बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ी सभी बकरियां वज्रपात की चपेट में आ गई। इस समय 4-5 मवेशी चरा रहे लोग भी यहीं थे। वे बारिश से बचने के लिए एक घर के समीप चल गये थे। इस घटना में तेतरिया के थानू रविदास की 4, मिरन मोची के 2, शिबू यादव के 3, अशोक यादव के 6 व बिनू यादव 5 बकरियों की मौत हो गई। यह घटना ललकी माटी मैदान के समीप हुई है। सुभाष कुमार ने बताया कि वज्रपात होने से पशुपालकों को तीन लाख रूपये से अधिक की क्षति हुई है। मुखिया कुमारी संगीता सिंहा ने आपदा मद से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।