चतरा (संतन कुमार): चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड के तेतर मोड़ पुंडरा में संचालित उदयन पब्लिक स्कूल में बुधवार को झारखंड के निर्माता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में मुख्य अतिथि के तौर पर बैंक ऑफ इंडिया सिमरिया शाखा के शाखा प्रबंधक रामचन्द्र सोरेन, उदयन पब्लिक स्कूल के विद्यालय प्रबंधन समिति कोषाध्यक्ष मनोज चंद्रा एवं सदस्य प्रेमलता चंद्रा, प्राचार्या गार्गी भट्टाचार्या, सभी शिक्षक शिक्षिकाएं गैर शिक्षण कर्मचारियों, अभिभावकों एवं सभी छात्रों ने दिशोम गुरु के तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

छात्रों ने बाबा की जीवनी एवं शिक्षिकाओं द्वारा दिशोम गुरू के लिए आत्म विभोर कर देने वाली शोकगीत के माध्यम से श्रद्धा सुमन अर्पित किया। शोक सभा में शाखा प्रबंधक ने बताया कि दिशोम गुरु का पूरा जीवन ही संघर्षशील और प्रेरणा दायक रहा है। पहली बार इन्हीं के द्वारा अलग राज्य झारखंड की मांग उठाई गई। इन्हीं के बदौलत झारखंड एक अलग राज्य 15 नवम्बर 2000 को अस्तित्व में आया। उनके पद चिह्न पर हम सभी को चलने की जरूरत है। विद्यालय प्रबंधन समिति कोषाध्यक्ष मनोज चंद्रा ने कहा कि दिशोम गुरु आदिवासी, दलित शोषित वर्गों को वर्ष 1977 के दशक से सामंतवादी प्रथा से लड़ना सिखाया और उनके उत्थान, सम्मान, अस्मिता, समानता, न्याय और हक अधिकार को बचाने और दिलाने के लिए सभी को एकजुट करने का काम किया और उनकी आवाज़ बने। प्राचार्या गार्गी भट्टाचार्या ने कहा कि दिशोम गुरु के जाने से एक सामाजिक और राजनीतिक युग का अंत हो गया है। यह क्षति अपूर्णीय है।