कल्पना ने मयूरहंड में की चुनावी सभा, कहा हेमंत सरकार में सभी वर्गों को मिला लाभ
चतरा : हेमंत सोरेन की सरकार में मात्र 5 वर्षों में झारखंड में विकास की गंगा बहाई गई है। हेमंत सरकार ने हर वर्गों को ध्यान में रख करके कार्य किया। इस सरकार में हर लोगों को लाभ मिला है। उक्त बातें गांडेय विधायक व झामुमो नेत्री कल्पना सोरेन ने कहा। वे शनिवार को चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड मुख्यालय में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थी। इंडिया गठबंधन के झामुमो प्रत्याशी मनोज चंद्रा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में हेमंत सोरेन की सरकार बनी। पांच वर्षों के कार्यकाल में हेमंत सरकार ने राज्य में कई उल्लेखनीय कार्य किया। कई कल्याणकारी योजनाएं चलाए गए। पांच वर्षों में सर्वजन पेंशन योजना के तहत 40 लाख लोगों को पेंशन, 20 लाख लोगों को हरा राशन कार्ड 18 से50 वर्ष की महिलाओं को मइया सम्मान योजना, दो लाख तक कृषि ऋण माफी योजना, बिजली बिल माफी योजना, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में दो सौ यूनिट तक फ्री बिजली आपूर्ति, गरीबों के लिए अबुआ आवास योजना गरीब और अभिवंचित वर्ग की बच्चियों के लिए सावित्री बाई फुले छात्रवृति योजना, झानो फूलो योजना, मुख्यमंत्री एक्सीलेंट स्कूल से झारखंड के समस्त लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार लोक कल्याणकारी योजना बनाकर लोगों के घर-घर तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा झारखंड का निर्माण हुए 24 वर्ष गुजर गए लेकिन मूल झारखंडवासियों को उनका हक और अधिकार से वंचित रखा गया। डोमिसाइल नीति लागू नहीं की गई। झारखंड की खनिज संपदा का रॉयल्टी का एक लाख छत्तीस हजार करोड़ केंद्र सरकार के पास बकाया है। ये जनता का पैसा है। जिसे झारखंड के विकास में लगाना था। जिसे केंद्र सरकार नहीं दे रही है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों और उपेक्षा के कारण झारखंड का विकास नहीं हो पा रहा है। यदि दोबारा हेमंत सरकार सत्ता में आती है तो झारखंड का तेजी से विकास होगा। उन्होंने नारा दिया- हम सब का एक ही नारा हेमंत सरकार दोबारा।