आज शंखनाद और रंगारंग सांस्कृतिक समारोह के साथ होगा तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव का आगाज

मुख्यमंत्री चंपई सोरेन करेंगे उद्घाटन, सभी आवश्यक तैयारियां पूरी

दुल्हन की तरह सजाया गया मां भद्रकाली मंदिर परिसर, पहुंचने ने लगी पर्यटकों के भीड़

आज पद्मश्री मुकुन्द नायक, विपिन मिश्रा ग्रुप, अल्ताफ राजा व भोजपुरी अदाकारा अक्षरा सिंह बिखरेंगे अपनी जलवा

चेतन पाण्डेय/ संतन कुमार

चतरा : जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मां भद्रकाली मंदिर की ऐतिहासिक भूमि पर तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव का आगाज सोमवार को होगा। महोत्सव शुभारंभ की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। महोत्सव को लेकर पूरे भद्रकाली मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल पर विहंगम तैयारी की गई है। महोत्सव को लेकर रविवार से ही श्रद्धालु भक्तों तथा पर्यटकों की भीड़ भद्रकाली पहुंचने लगी है। इस बार इटखोरी महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री चंपई सोरेन करेंगे। मौके पर राज्य के कृषि मंत्री सत्यानंद भोक्ता, स्थानीय सांसद सुनील कुमार सिंह, सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास व अन्य गणमान्य उपस्थित रहेंगे।

महोत्सव को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का भी व्यापक प्रबंध किया गया है। उपयुक्त अबू इमरान और पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन स्वयं हर गतिविधि पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पहले दिन 19 फरवरी को उद्घाटन समारोह के बाद कई विविध व रंगारंग कार्यक्रम में आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के वक्त आधी रात तक मंदिर परिसर में उत्साह तथा उमंग का माहौल रहता है। इटखोरी महोत्सव ने मां भद्रकाली मंदिर परिसर के साथ जिले के धार्मिक तथा प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास का भी द्वार खोला है। सरकार द्वारा पर्यटन विकास को लेकर कई योजनाएं संचालित की गई हैं।

मां भद्रकाली मंदिर परिसर का संक्षिप्त इतिहास

मां भद्रकाली मंदिर परिसर कालांतर में एक विकसित धार्मिक नगरी थी, जिसके प्रमाण आज भी मंदिर परिसर में अवस्थित म्यूजियम में पुरातात्विक अवशेष के रूप में मौजूद है। लेकिन 12वीं शताब्दी के बाद एक विध्वंस के पश्चात यह धार्मिक नगरी पूरी तरह तबाह हो चुकी थी। छह सौ वर्षों तक दुनिया की नजरों से ओझल रहने के बाद 18वीं शताब्दी में इस धार्मिक नगरी की खोज हुई। इसके बाद धीरे-धीरे मां भद्रकाली मंदिर परिसर को पुन: स्थापित करने का कार्य शुरू हुआ। लेकिन रफ्तार काफी धीमी रही।

चोरी हो गई मां भद्रकाली की प्र‍त‍िमा, कोलकाता से हुई थी बरामद

वर्ष 1968 में मां भद्रकाली की प्रतिमा चोरी होने तथा कोलकाता से पुन: प्रतिमा वापसी के बाद इस क्षेत्र के लोगों में मां भद्रकाली मंदिर परिसर के प्रति आस्था बढ़ी। वर्ष 1983 में सहस्त्र चंडी महायज्ञ के बाद मंदिर विकास समिति के माध्यम से मंदिर परिसर में विकास के कुछ काम हुए। फिर वर्ष 2007 में वन विभाग के तत्कालीन वन संरक्षक वाइके स‍िंंह चौहान के प्रयास से पर्यटन विभाग ने मंदिर परिसर में एक करोड़ साठ लाख रुपये की लागत से पर्यटन विकास का काम क‍िया। इसके बाद मां भद्रकाली मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा भी मंदिर के सुंदरीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर चला।

वर्ष 2015 से हुई इटखोरी महोत्सव की शुरुआत

राजकीय इटखोरी महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2015 से हुई है। चतरा संसदीय क्षेत्र से सांसद बनने के बाद सांसद सुनील कुमार स‍िंंह ने वर्ष 2015 में मंदिर परिसर के विकास के उद्देश्य से इटखोरी महोत्सव का आयोजन शुरू किया। एक वर्ष बाद ही वर्ष 2016 में इटखोरी महोत्सव को राज्य सरकार ने राजकीय महोत्सव का दर्जा प्रदान कर दिया। इतना ही नहीं एक वर्ष के बाद वर्ष 2017 में झारखंड सरकार ने मंदिर परिसर में पर्यटन विकास के लिए छह सौ करोड़ रुपये के मास्टर प्लान की योजना बनाई। महोत्सव की शुरुआत के बाद यहां विकास के कई कार्य हुए हैं। भद्रकाली मंदिर के साथ-साथ चतरा का नाम दूरदराज तक फैला है। यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।

आज विपिन मिश्रा ग्रुप, मुकुन्द नायक, अल्ताफ राजा व भोजपुरी अदाकारा अक्षरा सिंह बिखरेंगे अपनी जलवा

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि 19 फरवरी 2024 को विपिन मिश्रा एवं ग्रुप, कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय इटखोरी, मुकुन्द नायक एवं ग्रुप, सत्या ठाकुर एवं ग्रुप, अल्ताफ राजा एवं ग्रुप, भोजपुरी अदाकारा अक्षरा सिंह अपनी जलवा बिखेरेंगे। जबकि 20 फरवरी 2024 को सुशील महतो एवं लखीराम नायक ग्रुप, शालीनी दुबे एवं ग्रुप, साक्षी प्रिया दुबे एवं समूह, किस्सु राहुल एवं ग्रुप, रोहित आर के एवं ग्रुप, बिनोद राठौर एवं ग्रुप का कार्यक्रम होगा। वहीं 21 फरवरी 2024 को बीएसएफ हजारीबाग, मृणालिनी अखौरी, प्रकाश कुमार एवं ग्रुप, रजत आनन्द एवं ग्रुप, सिमरन साह एवं ग्रुप, पूजा चटर्जी एवं ग्रुप का कार्यक्रम होगा। इसी दिन राजकीय इटखोरी महोत्सव 2024 का समापन एवं भाषण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Us Now
WhatsApp
error: Content is protected !!